नरेंद्रनगर (टिहरी)। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) गरीब और जरूरतमंद बीमार बच्चों के लिए वरदान साबित हो रही है। आरबीएसके की टीम ने क्षेत्र के अब तक गंभीर रूप से 40 बच्चों का मुफ्त इलाज कर उन्हें नया जीवन दिया है। कार्यक्रम के तहत अब तक क्षेत्र के 16 हृदय रोग, दो गला रोग, दो खंड ओष्ठ और तालु, एक कूल्हा का आपरेशन, चार मिर्गी रोग, 14 अति कुपोषित और एक ब्लड कैंसर से ग्रसित बच्चे का उपचार कराया गया है।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत गंभीर रूप से बीमार छह माह से 18 वर्ष तक के बच्चों का निशुल्क इलाज की सुविधा दी जा रही है। आरएसबीके की टीम सरकारी, सरकारी सहायता प्राप्त स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में जाकर बच्चों के स्वास्थ्य की जांच करते हैं, जांच में कोई गंभीर बीमारी पाए जाने पर कार्यक्रम के तहत उनका सरकारी और निजी अस्पताल में निशुल्क इलाज किया जा रहा है। टीम के डा. कुलदीप बिष्ट और डा. प्रिया कपूर ने कहा कि इस तरह की गंभीर बीमारी से ग्रसित बच्चों के अभिभावक अपने पाल्यों के इलाज के लिए आरबीएसके टीम से संपर्क करें, जिससे समय रहते जरूरतमंदों का इलाज किया जा सके। जांच टीम में फार्मासिस्ट शिवानी पांडे और नर्सिंग सहायक बिजेंद्र सजवाण आदि शामिल हैं।