थत्यूड़ (टिहरी)। जौनपुर महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय लोक गायक संजय चखवाण के गीतों की धूम रही। उन्होंने बेहतरीन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। संजय ने ‘जय सेमनागराज जाग तुमारू ध्यान लगाऊं’ की प्रस्तुति दी। महोत्सव में गायक प्रदीप, देवेंद्र पंवार, महीपाल पंवार, अमित, सुमित और गायिका कुसुम नेगी ने भी शानदार प्रस्तुति दी।
थत्यूड़ इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित जौनपुर महोत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख कुंवर सिंह पंवार और ज्येष्ठ प्रमुख भोला सिंह परमार ने किया। उन्होंने सांस्कृतिक संवर्द्धन के लिए सरकार के साथ-साथ कलाकारों और जनता का भी सहयोग जरूरी है। लोक गायक संजय चखवाण ने शानदार जागर और लोक गीतों की छटा बिखेरी। प्रदीप ने मां भवानी के जागर ‘दुर्गा मां भवानी आद्य शक्ति जगदंबा और शिवजी कैलाशु मां रंदा’, देवेंद्र पंवार ने ‘सरमिला तू ऐजा ए डाणा का मेला, जौमीला कू पाणी अगलाडा की माछी’, कुसुम नेगी ने ‘दैणा होया खोली का गणेश’ पर दर्शकों को झूमने पर मजबूर किया। वहीं संदीप, अमित और महीपाल पंवार ने भी जौनसारी गीतों की प्रस्तुति दी। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष बिरेंद्र सिंह राणा, सुरेंद्र रावत, महीपाल रावत, गोविंद सिंह नेगी, पृथ्वी रावत, सुरेश चौहान, मोहन चमोली, वीरेंद्र चंदेल, अकबीर पंवार, महावीर सजवाण, हीरामणी गौड़ और सुनील सजवाण आदि मौजूद रहे।