नई टिहरी। विधायक धन सिंह नेगी ने चंबा क्षेत्र के बर्फबारी से प्रभावित कई गांव का भ्रमण कर अधिकारियों को संबंधित गांव में सुविधाएं मुहैया करवाने के निर्देश दिए।
मंगलवार को विधायक नेगी ने काणाताल, जड़पानी, सौड़ आदि गांव का भ्रमण किया। ग्रामीणों ने जड़पानी-सौलदुली-ठांगधार-अंधयारी आठ किमी मोटर मार्ग स्वीकृत करवाने पर विधायक का अभिनंदन कर आभार व्यक्त किया। प्रधान ममता रमोला, उपप्रधान मनमोहन नेगी, साधन सहकारी समिति के सरपंच शंकर चंद रमोला ने कहा कि कई वर्षों से सड़क की मांग की जा रही थी। विधायक नेगी ने कहा कि चंबा-धनोल्टी क्षेत्र को ईको टूरिज्म के रूप में विकसित करवाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। कहा कि जड़ीपानी को पर्यटन ग्राम और होम स्टे योजना से जोड़ा जा रहा है। कहा कि क्षेत्र के पेयजल संकट को दूर करने को सुरकंडा पंपिंग योजना का निर्माण करवाया जा रहा है। इस मौके पर प्रेमचंद रमोला, हरीश रमोला, विजय रमोला, रणवीर रमोला आदि मौजूद थे।