नई टिहरी। चाका में आयोजित श्री सिद्धपीठ कोटेश्वर पर्यटन विकास मेले के समापन पर छात्र-छात्राओं ने गढ़वाली, जौनसारी,जौनपुरी,राजस्थानी और पंजाबी गीतों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समापन अवसर पर मुख्य अतिथि टीएचडीसी कोटेश्वर के महाप्रबंधक पीके अग्रवाल, विशिष्ट अतिथि उप महाप्रबंधक वीके सिंह, चाका इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डा.रामविलास, प्रधान संगठन के पूर्व अध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। टीएचडीसी के महाप्रबंधक अग्रवाल ने कहा कि ऐसे मंचों से स्थानीय कलाकारों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। उन्होंने मेला समिति को सीआरएस फंड से क्षतिग्रस्त मैदान और सुरक्षा दीवार मरम्मत करने का आश्वासन दिया।
मेला समिति की ओर से स्कूली छात्र-छात्राओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उद्यान विभाग की ओर से ग्राम केनसूर, श्रीकोट के काश्तकारों को कीटनाशक दवाइयों के छिड़काव को 20-20 स्प्रे मशीन भी वितरित की गई। इस मौके पर मेला समिति के संयोजक गिरीश बंठवाण, सचिव मुनेंद्र उनियाल, टीएचडीसी के प्रबंधक राजू नेगी, जिला पंचायत सदस्य रीता चौहान, पूर्व सदस्य राजेश्वरी असवाल, जयेष्ठ प्रमुख ईश्वरी प्रसाद बिजल्वाण, क्षेत्र पंचायत सदस्य शूरवीर सिंह गुसाईं, अनिल कुमार, रविंद्र सजवाण, दिनेश उनियाल, विनोद सुरियाल, आयुष सुरियाल, राजेंद्र सिंह सुयाल आदि उपस्थित रहे।