चंबा (टिहरी)। ऑल वेदर सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन का एक समान मुआवजा देने की मांग को लेकर दिखोलगांव के ग्रामीणों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। उन्होंने शासन-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर एक समान भुगतान देने की मांग की। मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार माधवानंद उनियाल ने उन्हें काफी मनाने का प्रयास किया, लेकिन वार्ता बेनतीजा रही।
दिखोलगांव की कुछ जमीन ऑल वेदर सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की गई है। ग्रामीणों का आरोप है, कि एक ही प्रोजेक्ट के लिए ली जा रही जमीन का प्रतिकर भुगतान अलग-अलग दरों पर किया जा रहा है। गुस्साए ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को गांव में सड़क की खुदाई के लिए आई जेसीबी को लौटाकर काम ठप करा दिया था। शुक्रवार से ग्रामीणों ने गांव के नागराजा मंदिर में बेमियादी धरना शुरू किया है। उन्होंने कहा कि जब तक एक समान भुगतान देने का लिखित आश्वासन नहीं दिया जाता है, तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। धरने पर बैठने वालों में उत्तम रावत, दीपक रावत, दर्मियान सिंह रावत, ज्ञान सिंह रावत, कमल सिंह रावत, रणवीर रावत, विजेंद्र रावत, दयाल सिंह, बचन सिंह, प्यारा देवी, सीता देवी, मीरा देवी, रेखा, गुड्डी, जलमा देवी और शीला देवी आदि शामिल थे।