नई टिहरी। ठक्कर बापा छात्रावास के प्रबंधक कुंवर सिंह सजवाण ने दामाद और उसके बहनोई पर मोबाइल पर भद्दी गालियां देने और धमकाने का आरोप लगाया। उन्होंने एसएसपी को ज्ञापन देकर कार्रवाई करने की मांग की है। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत एक जनवरी को नई टिहरी थाने में दी गई थी, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि उनका परिवार मानसिक तनाव में है।
जाखणीधार ब्लॉक के ग्राम लासी ढुंगमंदार निवासी पीड़ित कुंवर सिंह ने बताया की उनका दामाद भिलंगना ब्लॉक के ग्राम मयकोट निवासी केदार सिंह उनकी पुत्री रेखा देवी के साथ मारपीट करता है, जिसके चलते उन्होंने दामाद के खिलाफ सीजेएम कोर्ट में वाद दायर किया है। उन्होंने बताया कि उनका दामाद और उसका बहनोई अमित निवासी भानियावाला मोबाइल से गाली- गलौज, और केस वापस नहीं लेने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उन्होंने एसएसपी को मोबाइल रिकार्डिंग सुनाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की गुहार लगाई है। एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत ने नई टिहरी कोतवाली प्रभारी चंदन सिंह चौहान को जांच कर जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।