नरेंद्रनगर (टिहरी)। नगरपालिका अध्यक्ष पद का कार्यभार संभालने के दूसरे दिन अध्यक्ष राजेंद्र विक्रम सिंह पंवार ने पालिका अधिकारी-कर्मचारियों के साथ नगर के विभिन्न वार्डों का भ्रमण किया। इस दौरान लोगों ने उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। उन्होंने कर्मचारियों को समस्याओं का जल्द निस्तारण करने के निर्देश दिए।
नवनियुक्त पालिकाध्यक्ष ने नगर पालिका कार्यालय के बाद पालिका के गोदामों का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कर्मचारी अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करें और जन समस्याओं का प्राथमिकता निस्तारण करें। वार्ड नंबर दो कुम्हारखेड़ा पहुंचे अध्यक्ष ने ट्रचिंग ग्राउंड का निरीक्षण कर ठेकेदार को नोटिस जारी कर जैविक और अजैविक कूड़ा अलग-अलग भंडारण कर सफाई रखने को कहा। वार्ड नंबर पांच सिविल लाइन में तहसील कर्मियों के आवासीय परिसर में खुले में बह रहे सीवर को ठीक करने और लोगों से कूड़ा गाड़ी में डालने को कहा। उन्होंने कहा कि लोनिवि को पत्र भेजकर बंद पड़ी नालियां जल्द खुलवाएं। इस दौरान राजपाल पुंडिर, सूरज नेगी, हिमांशु जोशी, प्रीतम सिंह नेगी, सफाई निरीक्षक संतोष गुसाईं, विजय, उत्तम सिंह रावत और बॉबी आदि शामिल थे।