नैनबाग (टिहरी)। भद्रीघाटी क्रीड़ा एवं सांस्कृतिक विकास समिति की ओर आयोजित खेलकूद और सांस्कृतिक समारोह में पहुंचे प्रदेश के वित्त मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि सरकार पौराणिक मेलों, सांस्कृतिक समारोह को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। जौनपुर, जौनसार के लोग उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत को बचाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं।
जाखधार में आयोजित समारोह के तीसरे दिन का शुभारंभ करते हुए वित्त मंत्री पंत ने कहा कि पौराणिक मेलों, धार्मिक समारोह की परंपरा को सभी के सहयोग से आगे बढ़ाया जा सकता है। उन्होंने विरोड से नागथात, कुकसारी से बद्रीगाड सहित कई सड़कों को जल्द वित्तीय स्वीकृति देने समेत अन्य मांगों के निराकरण का भरोसा दिया, साथ ही नैनबाग उपकोषागार का निरीक्षण कर रजिस्ट्री प्रक्रिया भी शुरू करने के निर्देश दिए। पूर्व मंत्री व राजपुर विधायक खजान दास ने कहा कि सांस्कृतिक क्षेत्र में जौनपुर सबसे आगे हैं, लेकिन विकास में अभी पिछड़ा हुआ है। पूर्व खेल मंत्री एनएस राणा ने कहा कि यहां पर्यटन व नगदी फसलों की अपार संभावनाएं हैं। इसके लिए मिलकर प्रयास किए जाने चाहिए। समारोह में वित्त मंत्री प्रकाश पंत जौनपुरी लोक संस्कृति पर आधारित तांदी, रासों नृत्य पर अपने को रोक नहीं पाए। वह जौनपुरी गीतों पर जमकर थिरके। जीआईसी म्याणी, जारवधार, विद्या मंदिर की छात्र-छात्राओं ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी। तीसरे दिन की खेल प्रतियोगिता में कबड्डी में यंग स्टार क्लब भूटगांव, आदर्श क्लब खड़कसारी, कंडारी क्लब घंसी, देवदार घाटी सेंदुल, नाग देवता क्लब टिकरी, पुनेरी पल्टन देहरादून, रघुनाथ क्लब कंडारी ने अपने-अपने मैच जीते। वॉलीबॉल में ग्राम बाडासारी, भैरव देवता घराड़ा, टटोर नैनबाग आदि की टीम विजेता रही। इस मौके पर अपर सचिव हरीशचंद सेमवाल, अनिल कैंतुरा, राजेश सजवाण, दिनेश कुमार, चमन सिंह, संदीप नौटियाल, बिक्रमा देवी, निर्मला देवी, मीरा देवी, मनोज गौड, प्रदीप कवि, राजमोहन रावत, सोमवारी नौटियाल, मुन्ना पंवार, सुदर सिंह, मनवीर पंवार, गंभीर, जयेंद्र रमोला, नरेश नौटियाल, जितेंद्र गौड़, संजीव नौटियाल, धनीराम थपलियाल आदि मौजूद थे।