चंबा (टिहरी)। ऑल वेदर सड़क निर्माण का मलबा गांव के पास प्राकृतिक जल स्रोतों में डालने पर स्थानीय लोगों ने कड़ा विरोध जताया है। गुस्साए ग्रामीणों ने गांव के पास मलबा डालने आए ट्रकों को लौटा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि पहले भी विरोध जताने पर कुछ दिन फिर से मलबा डाला जा रहा है, जिससे ग्रामीणों के खेत और जलस्रोत प्रभावित हो रहे हैं।
ऑल वेदर सड़क निर्माण का मलबा डंपिंग जोन के बजाए मनमर्जी से खेतों में डालने पर ग्रामीणों ने एतराज जताया है। ग्रामीणों ने कहा कि नागणी क्षेत्र में खेतों में मलबा डालने का विरोध करते हुए डीएम से शिकायत की गई थी, जिस पर वह कुछ दिन चुप रहे। लेकिन फिर से रात के समय जहां मर्जी मलबा डाल रहे हैं। इससे लोगों की खेती चौपट हो रही है, वहीं जलस्रोत भी प्रभावित हो रहे हैं। मंगलवार को भी जब वह मलबा डालने लगे, तो नागणी कस्बे के बसाल, भाटूसैण, ठेलारी, जड़धार गांव के लोग पर्यावरणविद विजय जड़धारी और राड्स के अध्यक्ष सुशील बहुगुणा के नेतृत्व में सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों में बीना देवी, बसंती देवी, रजनी देवी, सूरत सिंह भंडारी, जगदीश प्रसाद, राजेंद्र प्रसाद, कुंदन सिंह कैंतुरा, राजेंद्र सिंह और धूम सिंह आदि शामिल थे।