चंबा (टिहरी)। केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्य में अहम भूमिका निभाने वाले निम के पूर्व प्रधानाचार्य कर्नल (सेनि) अजय कोठियाल ने पौड़ी लोकसभा सीट से सांसद का चुनाव लड़ने का पूरा मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर बनाकर पहाड़ का विकास करना है।
शनिवार को बेरनी गांव में विवाह समारोह में शिरकत करने के बाद पत्रकार वार्ता में यूथ फाउंडेशन के संस्थापक अजय कोठियाल ने कहा कि वह पौड़ी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे, लेकिन फिलहाल उन्होंने पार्टी का चयन नहीं किया है। उन्होंने बताया कि यूथ फाउंडेशन के माध्यम से अभी तक 8700 युवा ट्रेनिंग लेने के बाद आर्मी में भर्ती हो चुके हैं, जबकि 2200 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। यूथ फाउंडेशन के संस्थापक ने कहा कि लड़कियों को आत्म सुरक्षा के लिए विशेष ट्रेनिंग कार्यक्रम शुरू किया जा चुका है। इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य अनिल भंडारी, राजवीर भंडारी, अनिल असवाल, शीशपाल सजवाण, राजेश रावत, आरएस नेगी और बिजेंद्र कोठियाल आदि मौजूद थे। ब्यूरो