चंबा (टिहरी)। एचएनबी गढ़वाल केंद्रीय विवि के स्वामी रामतीर्थ परिसर बादशाहीथौल में अंतर महाविद्यालय महिला खो-खो प्रतियोगिता संपन्न हो गई। प्रतियोगिता में पीजी कॉलेज ऋषिकेश की टीम एक पारी आठ अंक से विजेता रही। विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया गया।
बुधवार को स्वामी रामतीर्थ परिसर के खेल मैदान में आयोजित महिला खो-खो प्रतियोगिता का शुभारंभ परिसर निदेशक प्रो. आरसी रमोला ने किया। प्रतियोगिता का पहला मैच डीएवी रुड़की और सेंदुल महाविद्यालय के बीच खेला गया, जिसमें डीएवी रुड़की को वॉक ओवर दिया गया। दूसरा मैच बिरला कैंपस श्रीनगर और डीएवी के बीच खेला गया, जिसमें बिरला कैंपस श्रीनगर विजेता रहा। उसके बाद सेमीफाइनल डीएवी रुड़की और पीजी कॉलेज ऋषिकेश के बीच खेला गया, जिसमें पीजी कॉलेज ऋषिकेश विजयी रहा। दूसरा सेमीफाइनल एसआरटी परिसर टिहरी और बिरला कैंपस श्रीनगर के बीच खेला गया, जिसमें बिरला कैंपस श्रीनगर विजयी रहा। प्रतियोगिता का फाइनल मैच पीजी कॉलेज ऋषिकेश और बिरला कैंपस श्रीनगर के बीच खेला गया, जिसमें पीजी कालेज ऋषिकेश की टीम विजेता रही। इस मौके पर खेल व क्रीड़ा विभागाध्यक्ष डा. राकेश भूषण गोदियाल, प्रो. सुबोध कुमार, प्रो. अरुण पंत, प्रो. एसके शर्मा, हंसराज बिष्ट, राकेश कोठारी, रमेश रतूड़ी, राजेंद्र सिंह कठैत आदि मौजूद थे।