नरेंद्रनगर (टिहरी)। राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान (रमसा) के तहत पालिका सभागार में जिलास्तरीय कला उत्सव का आयोजन किया गया। इस दौरान हुई प्रतियोगिता में जिलेभर के 42 माध्यमिक स्कूलों के 60 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
पालिका सभागार में आयोजित कला उत्सव का शुभारंभ डीईओ माध्यमिक शिव प्रसाद सेमवाल और पूर्व प्रधानाचार्य ऋतुराज सिंह नेगी ने किया। डीईओ ने कहा कि कला उत्सव का उद्देश्य जनजातीय, स्थानीय और परंपरागत कलाओं को बढ़ावा देने और छात्रों की प्रतिभा को निखारना है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रधानाचार्य ने कहा कि कला में निपुण व्यक्ति समाज में विशिष्ट स्थान प्राप्त करता है और पूरे समाज को अपनी कला से प्रभावित करता है। विज्ञान संयोजक अलख नारायण दूबे ने कहा कि हर व्यक्ति अंतर्मन से कलाकार होता है, तभी वह कला और संस्कृति पर ध्यान केंद्रित करता है। कार्यक्रम के संयोजक डा. रामगोपाल गंगवार ने कहा कि जो प्रतिभागी जिलास्तर पर स्थान प्राप्त करेंगे वह 15-16 नवंबर को देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे। अनूप गुरुजी ने छात्रों को वादन, नृत्य, संगीत और कला की बारीकियों से अवगत कराया। डांस प्रतियोगिता में आयुषी उनियाल जीजीआईसी थत्यूड़, सूरज असवाल जीआईसी फकोट, पेंटिंग में अखिलेश नौटियाल जीआईसी बड़कोटी जाखणीधार, काजल जीआईसी खरसाड़ा, गायन में दीक्षा बिष्ट उच्चतर माध्यमिक स्कूल महरगांव प्रतापनगर, गौरव रावत जीआईसी नरेंद्रनगर और वादन में प्रवीन जीआईसी आनंद चौक को राज्यस्तर पर होने वाली प्रतियोगिता के लिए चयन किया गया है। इस मौके पर प्रधानाचार्य शशि भट्ट, महेंद्र दत्त सकलानी, राममोहन नौटियाल आदि मौजूद थे।