नई टिहरी। कद्दूखाल से सिद्धपीठ सुरकंडा के रोपवे का काम धीमी गति से हो रहा है, जिससे लोगों को रोपवे से मंदिर जाने के लिए अभी मई तक इंतजार करना पड़ेगा।
सिद्धपीठ सुरकंडा देवी मंदिर में पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कद्दूखाल से मंदिर तक डेढ़ किमी की खड़ी चढ़ाई पार करनी पड़ती है। इससे निपटने के लिए सरकार ने वर्ष 2014-15 में कद्दूखाल से सुरकंडा तक रोपवे निर्माण के लिए 13 करोड़ की धनराशि जारी की थी। पीपीपी मोड में बनने वाले कद्दूखाल-सुरकंडा रोपवे निर्माण का कार्य कार्यदायी संस्था सुरकंडा देवी रोपवे प्रोजेक्ट कंपनी लि. दिल्ली ने गत वर्ष 19 जून को शुरू किया था। कार्यदायी संस्था ने एक जनवरी 2019 से रोपवे का संचालन शुरू करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन डेढ़ साल बाद भी रोपवे का 50 फीसदी कार्य भी पूरा नहीं हो पाया है। प्रोजेक्ट कंपनी के निरीक्षक अनिल शर्मा का कहना है कि कद्दूखाल-सुरकंडा देवी रोपवे का कार्य आगामी मई तक ही पूरा हो पाएगा। तीन अलग-अलग स्थानों पर रैप का निर्माण अंतिम चरण में है। रैप निर्माण पूरा होते ही ट्राली सहित अन्य सामग्री सुरकंडा पहुंच जाएगी। मई में रोपवे का संचालन हर हाल में शुरू कर दिया जाएगा।