नई टिहरी। जाखणीधार ब्लॉक में शनिवार रात को पीपलडाली के समीप टिहरी बांध की झील में डूबे ट्रक और उसमें सवार तीन लोगों का तीसरे दिन भी पता नहीं चल पाया है। मंगलवार को पहुंची एनडीआरएफ की टीम ने भी एसडीआरएफ और जल पुलिस के साथ झील में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उन्हें भी कोई सफलता नहीं मिली।
शनिवार तीन नवंबर की रात को चंबा के पाटा गांव से जाखणीधार ब्लॉक के खोला गांव जा रहा एक मिनी ट्रक पीपलडाली के समीप दुर्घटनाग्रस्त होकर टिहरी बांध की झील में समा गया था। ट्रक में सवार एक व्यक्ति छिटक कर घायल हो गया था, जबकि ट्रक चालक सहित तीन अन्य लोग अभी तक लापता चल रहे है। ट्रक और लापता चल रहे लोगों की तलाश में जुटी एसडीआरएफ और जल पुलिस को कोई सफलता नहीं मिलने पर मंगलवार को एनडीआरएफ की टीम ने भी पीपलडाली पहुंच कर झील में सर्च अभियान चलाया, लेकिन उनको भी कोई सफलता नहीं मिल पाई। थानाध्यक्ष सुंदरम शर्मा ने बताया कि झील की गहराई अधिक होने से कोई पता नहीं चल पा रहा है। गोताखोर भी लगातार प्रयास कर रहे हैं, बावजूद कोई सफलता नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि लापता लोगों का पता लगाने के लिए सर्च अभियान जारी रखा जाएगा।