चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि के छात्र-छात्राओं को बैक पेपर के रिजल्ट के लिए अभी इंतजार करना होगा। 25 नवंबर के बाद विवि प्रशासन परीक्षा परिणाम घोषित करेगा। उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य हो चुका है। अब विवि को अंक तालिकाएं प्रिंट करनी है।
श्रीदेव सुमन विवि के 10 हजार छात्र-छात्राओं को एक माह से बैक पेपर का रिजल्ट घोषित होने का इंतजार है। बीते अक्तूबर माह में बैक पेपर परीक्षा संपन्न हो गई थी। विवि प्रशासन ने 15 दिनों में सभी कक्षाओं का परीक्षा परिणाम घोषित करने का दावा किया था, लेकिन नवंबर प्रथम सप्ताह तक एक भी कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हो पाया है। समय पर परीक्षा परिणाम घोषित न होने के कारण छात्र-छात्राएं इन दिनों समूह ग परीक्षा के लिए आवेदन पत्र जमा नहीं कर पा रहे हैं। समूह ग में आवेदन करने के लिए शैक्षणिक योग्यता स्नातक मांगी गई है। इस बाबत विवि के प्रभारी परीक्षा नियंत्रक दिनेश चंद्रा का कहना है कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य हो चुका है। 25 नवंबर के बाद सभी कक्षाओं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया जाएगा।