नई टिहरी। जिलाधिकारी सोनिका ने वित्तीय वर्ष 2018-19 की जिला योजना की समीक्षा की। उन्होंने जिला योजना की प्रथम किश्त का शतप्रतिशत खर्च न करने पर लोनिवि, सिंचाई, कृषि और शिक्षा विभाग को फटकार लगाते हुए तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में डीएम ने विभागवार योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने स्वीकृत योजना के निर्माण की गति धीमी पाए जाने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने बीस सूत्री कार्यक्रम में सी, डी श्रेणी में चल रहे विभागों से स्पष्टीकरण तलब करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी आशीष भटगांई को निर्देश दिए। उन्होंने एक माह के अंदर विभागों के कार्यों में सुधार ला कर रिपोर्ट देने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रथम किश्त का शत प्रतिशत खर्च होने पर ही दूसरी किश्त दी जाएगी। उन्होंने शिक्षा विभाग को तत्काल स्कूलों के आगणन तैयार करवाने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर डीडीओ आनंद सिंह, कृषि अधिकारी जेपी तिवारी, एसीएमओ डा. दीपा रूवाली, डीईओ बेसिक एसएस बिष्ट, लोनिवि के ईई केएस नेगी, जल संस्थान ईई सतीश नौटियाल, सेवायोजन अधिकारी विक्रम आदि मौजूद थे।