नई टिहरी। टिहरी दौरे पर पहुंची राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने जिला चिकित्सालय बौराड़ी में टेलीमेडिसिन सेवा की जानकारी हासिल की। उसके बाद उन्होंने जीजीआईसी बौराड़ी में स्थानीय उत्पादों के स्टाल का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राएं अपना लक्ष्य तय कर सफलता प्राप्त करें। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री की ओर से चलाई जा रही योजनाओं से महिलाएं कितनी सशक्त हो रही हैं इसका निरीक्षण करना ही भ्रमण का लक्ष्य है।
बृहस्पतिवार को राज्यपाल बेबी रानी मौर्य जिला चिकित्सालय पहुंची। अस्पताल में राज्यपाल ने टोल फ्री 555 टेलीमेडिसिन सेवा की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि यह सेवा राज्य के सभी जिलों में लागू करने की जरूरत है। डीएम सोनिका ने बताया कि जिले के 20 सब सेंटरों पर यह सेवा शुरू की गई है। भविष्य में इसे ऋषिकेश एम्स से जोड़ने की योजना है। उसके बाद जीजीआईसी बौराड़ी पहुंची राज्यपाल ने विभिन्न विभागों और छात्र-छात्राओं की ओर से लगाए गए स्टालों का निरीक्षण कर पहाड़ी व्यंजन पकोड़ी, रोटाना और अर्से का स्वाद भी चखा। इस मौके पर एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत, सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी, सीडीओ आशीष भटगांई, सीएमएस डा. यतेंद्र सिंह, डा. राखी गुसाईं, प्रधानाचार्य शगुफ्ता प्रवीन, पूनम तिवारी आदि मौजूद थे।
छात्रावास की सुविधा मिले
नई टिहरी। राज्यपाल ने जब छात्र-छात्राओं से अपनी समस्या रखने को कहा तो जीजीआईसी में 12वीं की छात्रा हिमानी ने बताया कि कॉलेज में गणित, विज्ञान और जीव विज्ञान के शिक्षक नहीं हैं। 11वीं की छात्रा आरती चौहान ने बालिका छात्रावास की डिमांड रखी। आदर्श स्कूल ढुंगीधार के छात्र रोहित चमोली ने स्कूल में कंप्यूटर की मांग रखी। 12वीं की सोनल जैन ने कहा कि सर्दियों के मौसम में दूर-दराज गांव से आने वाली छात्राओं को स्कूल और घर पहुंचने में देर हो जाती है, इसलिए उनके लिए बस सेवा लगाने की जरूरत है। ढुंगीधार की टिमशा ने स्कूल में छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय बनाने की मांग की।
राज्यपाल ने टिहरी झील में की वोटिंग
नई टिहरी। टिहरी भ्रमण पर आई राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने दोपहर बाद कोटीकालोनी पहुंचकर टिहरी झील में वोटिंग का आनंद लिया। उन्होंने कहा कि साहसिक जलक्रीड़ा के लिए यह बेहतर स्थान है। इससे पहले उन्होंने बीपुरम व्यू प्वाइंट से झील का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने टिहरी बांध की तकनीकी व पुनर्वास की जानकारी ली। राज्यपाल राज्यपाल शुक्रवार सुबह उत्तरकाशी के लिए रवाना होंगी।