घनसाली (टिहरी)। भिलंगना ब्लॉक में मैगाधार-कोट-चांजी 11 किमी सड़क पांच साल बाद भी नहीं बन पाया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को पैदल नापना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि पीएमजीएसवाई ने सड़क निर्माण जल्द शुरू नहीं किया, तो विभाग के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।
भिलंगना ब्लॉक में ग्याहरगांव और हिंदाव पट्टी के ग्राम आली, मुंडेती, सरुणा, कुकडियास, चौरा, करखेड़ी, कोट,घणातगांव, बुगाणी और चांजी आदि गांवों को सड़क से जोड़ने के लिए राज्य सेक्टर में वर्ष 2012 में 11 किमी मैगाधार-कोट चांजी सड़क निर्माण की स्वीकृति प्रदान की गई थी। उसके कुछ समय बाद लोनिवि ने मैगाधार से आली तक ढाई किमी सड़क का निर्माण कर दिया, लेकिन विभाग उससे आगे नहीं बढ़ पाया है। जिससे ग्रामीणों को आठ से 10 किमी पैदल चलना पड़ रहा है। सड़क बनाओ संघर्ष समिति के अध्यक्ष मित्रानंद नैथानी, प्रधान सुमन नैथानी, पुरुषोत्तम सिंह, अनुसूया प्रसाद, सोबत लाल, कर्ण सिंह, सुंदर सिंह, जमुना प्रसाद और कमल सिंह ने बताया कि सड़क का काम लोनिवि से काम छीन कर पीएमजीएसवाई को दी गई है, लेकिन वह भी सड़क निर्माण शुरू नहीं कर पा रहे हैं। पीएमजीएसवाई के ईई संजय श्रीवास्तव का कहना है कि सड़क निर्माण के लिए टेंडर किए गए हैं, जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।