चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि नेे सत्र 2018-22 इंटीग्रेेटेड बीएड (बीए, बीएससी) के प्रवेश परीक्षा का परिणाम आठ दिन के भीतर ही घोषित कर दिया है। प्रवेश परीक्षा में 271 छात्र उत्तीर्ण हुए हैं। छात्रों की सुविधा के लिए विवि ने परीक्षा परिणाम विवि की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया है।
श्रीदेव सुमन विवि ने इस सत्र से शुरू हो रहे इंटीग्रेटेड बीएड (बीए, बीएससी) में छात्रों के दाखिला लेने के लिए 14 अक्तूबर को प्रवेश परीक्षा कराई थी। कुलपति डा. यूएस रावत के निर्देशन में गठित समिति ने मात्र आठ दिन में परीक्षाफल घोषित कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक दिनेश चंद्रा ने बताया कि प्रवेश परीक्षा में 286 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए थे, जिसमें से 271 छात्रों ने परीक्षा उत्तीर्ण की है। परीक्षा परिणाम विवि की वेबसाइट www.sdsuv.ac.in पर अपलोड कर दिया गया है। कुलसचिव डा. दीपक भट्ट ने बताया कि विवि ने बीएड इंटीग्रेटेड कोर्स के लिए 100 सीटें निर्धारित की है। अब एक सप्ताह के भीतर उत्तीर्ण छात्रों की काउंसिलिंग की जाएगी। इसके बाद चयनित छात्रों को दाखिला दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि छात्रों के भविष्य को देखते हुए इंटीग्रेटेड बीएड के सत्र को समय पर शुरू करने की पूरी तैयारियां कर ली गई है।