नई टिहरी। विधायक धन सिंह नेगी ने कहा कि सरकार पुनर्वासित लोगों के ओर से अतिरिक्त भूमि पर किए गए निर्माण के लिए जल्द ही कंपाउंडिंग का रास्ता निकाल रही है। सीएम ने प्रमुख सचिव सिंचाई को शहर की अतिरिक्त भूमि की कंपाउंडिंग करने के लिए कैबिनेट की बैठक में प्रस्ताव लाने के निर्देश दिए हैं। इस दिशा में काम शुरू हो गया है।
विधायक नेेगी ने यहां बताया कि पुनर्वासित शहर नई टिहरी में वर्षों से अतिक्रमण की समस्या चली आ रही है, लेकिन पूर्व के जनप्रतिनिधियों ने अतिक्रमण रोकने के बजाए अपने चेहतों को इसके लिए प्रोत्साहित किया। आज यह बड़ी समस्या बन गई है। वर्ष 2016 में कांग्रेस के कार्यकाल के दौरान अतिक्रमण चिह्नित किए गए थे, ऐसे में सही होता कि पूर्व सरकार व जनप्रतिनिधि इस समस्या को कैबिनेट की बैैठक में रखकर कंपाउंडिंग का निर्णय लेते। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में अतिक्रमण हटाने को लेकर कुछ लोग राजनीति कर जनता को भ्रमित कर रहे हैं। टिहरी के लोगों ने बांध निर्माण में सहयोग कर देश के विकास में अपना योगदान दिया है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने राजनीतिक दलों के झांसे में न आने की सलाह दी।