चंबा (टिहरी)। केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अब आर-पार की लड़ाई शुरू कर दी है। कर्मियों ने कहा कि मांगों के निराकरण के लिए जब तक विवि के अधिकारी के परिसर में आकर वार्ता नहीं करते हैं, तब तक कार्यबहिष्कार जारी रखा जाएगा। कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को भी प्रशासनिक भवन में धरना देकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों के समर्थन में उतरे छात्र नेताओं ने दूसरे दिन भी परिसर बंद कराया।
स्वामी रामतीर्थ परिसर के कर्मचारी पदोन्नति, बोनस, शिशु शिक्षण भत्ता आदि मांगों के निराकरण की मांग करते आ रहे हैं, लेकिन विवि कर्मचारियों की मांगों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि समझौते के तहत बुधवार को विवि के कुलसचिव वार्ता को नहीं पहुंचे जिससे उन्हें बेमियादी कार्यबहिष्कार आंदोलन शुरू करना पड़ा है। बृहस्पतिवार को भी कर्मचारियों ने परिसर में रैली निकालकर विवि के खिलाफ प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों में कर्मचारी संघ के अध्यक्ष हरेंद्र भंडारी, रमेश रतूड़ी, हीरालाल गैरोला, रामेश्वर रतूड़ी, राजेेंद्र कठैत, बुद्धि सिंह राणा, कृपाराम जोशी, बृजमोहन बडोनी, कमलेश्वर चमोली, सुदामा लाल, धर्म सिंह पंवार, डा. आशा, कविता, मोहन सिंह, दिनेश मंमगाई, राकेशचंद रमोला, रमेश चौहान, शीशपाल, प्यारेलाल, आशीष सेमल्टी, छात्रसंघ अध्यक्ष अंकित सजवाण, सचिव सचिन सजवाण, प्रदीप सजवाण, अक्षत बिजल्वाण, सुशील रावत और जयेंद्र रावत आदि मौजूद थे।