नई टिहरी। टिहरी बांध प्रभावितों के मकानों और प्रतिष्ठानों को जिला प्रशासन की ओर से जबरन तोड़ने के विरोध में कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री, टिहरी सांसद और विधायक का पुतला फूंका। इधर, उक्रांद ने अभियान को भाजपा और कांग्रेस शासन की देन बताया है।
नई टिहरी, बौराड़ी और मोलधार क्षेत्र में मकानों और दुकानों को तोड़ने के विरोध में कांग्रेसियों ने नगर क्षेत्र में प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हाईकोर्ट का टिहरी बांध प्रभावितों के मकानों और प्रतिष्ठानों को तोड़ने का कोई भी आदेश नहीं है। यदि न्यायालय ने आदेश दिया तो जिला प्रशासन को आदेश सार्वजनिक करना चाहिए। कांग्रेसजनों ने पार्टी कार्यालय से हनुमान चौक तक जुलूस निकालकर विरोध प्रदर्शन किया और हनुमान चौक पर सीएम, टिहरी सांसद और विधायक का पुतला फूंका। इस दौरान जिलाध्यक्ष सूरज राणा, नरेंद्र चंद्र रमोला, शांति प्रसाद भट्ट, देवेंद्र नौटियाल, पंकज रतूड़ी, साहब सिंह सजवाण, मुर्शरफ अली, शांति शाह, ममता उनियाल, सीमा कृषाली, विजय लक्ष्मी थलवाल, शकुंतला लेगी, आशा रावत आदि शामिल रहे।
इधर, उक्रांद के केंद्रीय प्रवक्ता विक्रम बिष्ट ने भाजपा और कांग्रेस पर बांध प्रभावित नई टिहरी को खंडहरों में तब्दील करने का आरोप लगाया है। यहां जारी बयान में उन्होंने कहा कि नई टिहरी की जनता जिस त्रासदी से गुजर रही है, वह भाजपा-कांग्रेस शासन की देन है।