नई टिहरी। जाखणीधार ब्लॉक के मठियाली गांववासियों का सड़क निर्माण का सपना साकार हो गया है। एक करोड़ 62 लाख 85 हजार की लागत से बनने वाली साढ़े तीन किमी नंदगांव-मठियाली मोटर मार्ग का निर्माण रविवार से शुरू हो गया। लंबे इंतजार के बाद सड़क निर्माण शुरू होने से मठियाली गांव के लोग उत्साहित हैं। कार्यदायी संस्था लोनिवि प्रांतीय खंड ने आगामी दिसंबर तक सड़क निर्माण पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है।
सड़क के अभाव में मठियाली गांव में निवासरत करीब 450 की आबादी को अब तक दो किमी की खड़ी चढ़ाई पार कर गांव तक पहुंचना पड़ता था। स्थानीय निवासी वर्षों से नंदगांव-मठियाली सड़क निर्माण की मांग करते आ रहे थे। कई बार ग्रामीणों ने मांग के समर्थन में धरना-प्रदर्शन भी किया। गत माह प्रदेश सरकार ने साढ़े तीन किमी लंबी नंदगांव-मठियाली सड़क निर्माण के लिए एक करोड़ 62 लाख 85 हजार की वित्तीय स्वीकृति जारी की थी।
रविवार को विधायक धन सिंह नेगी, ब्लॉक प्रमुख बेबी असवाल ने नंदगांव-मठियाली सड़क का शिलान्यास किया। जेसीबी से सड़क कटिंग का कार्य शुरू होते ही लोग उत्साहित नजर आए। प्रधान रमेश लाल ने विधायक और सरकार का आभार जताया है। इस मौके पर लोनिवि के ईई केएस नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य छोटे लाल, उदय रावत, बालकृष्ण भट्ट, अमर सिंह, विनोद बिष्ट, नरेंद्र बिष्ट, देवेंद्र नौटियाल, महाजन पंवार, प्रताप राणा, राजेश नौटियाल, महावीर गुनसोला, गब्बर सिंह गुनसोला आदि मौजूद रहे।