नई टिहरी। टिहरी बांध की झील को पहले चरण में दो मीटर और भरने की अनुमति मिलते ही पुनर्वास निदेशालय ने झील क्षेत्र के आसपास निवासरत लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। शुक्रवार को जलस्तर आरएल 825 मीटर पहुंच गया है। झील से 161 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है।
प्रदेश सरकार ने टीएचडीसी को टिहरी बांध के जलस्तर को पहले चरण में दो मीटर बढ़ाकर आरएल 827 मीटर करने की अनुमति दी है, साथ ही इसके बाद आरएल 830 मीटर तक बढ़ाने के लिए टीएचडीसी को पुनर्वास निदेशक से अनुमति लेनी होगी। शासन से जल भराव की अनुमति मिलने के बाद अवस्थापना खंड पुनर्वास भी सतर्क हो गया है। अवस्थापना खंड के अधिशासी अभियंता सुबोध मैठाणी ने सार्वजनिक सूचना जारी कर जलाशय के आसपास निवासरत परिवारों, व्यक्तियों से स्वयं और मवेशियों को टिहरी झील के निकट न जाने की चेतावनी दी है। उधर, टीएचडीसी ने भी झील का जलस्तर बढ़ाना शुरू कर दिया है। कई दिनों से जलस्तर आरएल 824.85 मीटर था, जो शुक्रवार को बढ़कर आरएल 825 मीटर पहुंच गया है।