नई टिहरी। जिले में लिंगानुपात की ब्लॉकवार रिपोर्ट उपलब्ध न कराने पर डीएम सोनिका ने स्वास्थ्य विभाग की लचर कार्यप्रणाली पर नाराजगी व्यक्त की है। नाराज होकर डीएम ने बीच में ही जिला सलाहकार समिति की बैठक स्थगित कर दी। सीएमओ को लिंगानुपात की रिपोर्ट तैयार कर जल्द बैठक बुलाने को कहा।
बुधवार को जिला सभागार में डीएम सोनिका की अध्यक्षता में पीसीपीएनडीसी (प्रसव पूर्व लिंग चयन निषेध अधिनियम) के तहत गठित जिला सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई थी। ब्लॉकवार लिंगानुपात की रिपोर्ट प्रस्तुत न करने और लिंगानुपात को बराबर करने के लिए कोई भी ठोस कार्य योजना न बनाने पर डीएम बिफर पड़ी। बीच में ही बैठक स्थगित कर डीएम सभागार से बाहर चली गई। सीएमओ से कहा बैठक तभी बुलाएं जब कार्ययोजना तैयार हो। आदर्श दंपति योजना के तहत मात्र एक ही दंपति को पुरस्कृत किए जाने को भी डीएम ने गंभीरता से लिया। एक पखवाड़े के अंतर्गत और आदर्श दंपति खोजने के निर्देश दिए। बताया कि ऐसे दंपति जिन्होंने पहली अथवा दूसरी पुत्री के जन्म के बाद नसबंदी करवा ली हों को इस योजना के तहत पांच हजार का नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाना चाहिए। श्रीदेव सुमन अस्पताल नरेंद्रनगर और जिला अस्पताल बौराड़ी में अल्ट्रासाउंड मशीन लगाए जाने के लिए सीएमओ को स्वास्थ्य सचिव को जल्द पत्र भेजने को कहा। बैठक में सीएमओ डा. भागीरथी जंगपांगी, एसीएमओ डा. मनोज वर्मा, डा. अर्चना, सीएमएस डा. यतेंद्र सिंह उपस्थित रहे।