कंडीसौड़ (टिहरी)। छाम-बैल्डोगी के मध्य टिहरी झील के ऊपर पुल निर्माण करने की मांग को लेकर टिहरी उत्तरकाशी जन विकास परिषद का एक प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिला। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को बताया कि वर्ष 2005 में छाम-बैल्डोगी पुल टिहरी झील में समा गया था। तब से झील के आरपार बसे चिन्यालीसौड़ ब्लॉक और थौलधार ब्लॉक के दर्जनों गांवों का आपस में संपर्क कट गया है। गांवों में निवासरत लोगों को अपने नाते-रिश्तेदारी में जाने के लिए 60 किमी की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। पुल निर्माण होने से आवागमन की सुविधा मिलेगी। प्रतिनिधिमंडल में परिषद के अध्यक्ष जय सिंह राणा, धाम चंद रमोला, बलवीर सिंह राणा, प्रेम सिंह अधिकारी, रामकृष्ण नौटियाल, पीतांबरदत्त उनियाल, प्रेम सिंह राणा, लोकेंद्र गुसाईं शामिल थे।