नई टिहरी। चंबा ब्लॉक के कटाल्डी गांव निवासी सचिन लखेड़ा हत्याकांड की जांच अब सीबीआई करेगी। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने मुख्य सचिव को केस सीबीआई जांच के लिए प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।
कटाल्डी गांव निवासी सचिन लखेड़ा 28 नवंबर 2014 को पड़ोसी गांव पटुड़ी में वाहन लेकर शादी में गया था, लेकिन जब वह दो दिन बाद भी शादी से घर नहीं लौटा तो 30 नवंबर को परिजनों की ओर से चंबा थाने में गुमशुदा की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। एक सप्ताह बाद पटुडी गांव के जंगल में सचिन का शव बरामद हुआ था। ग्रामीणों ने लंबे समय तक हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन किया, जिसके बाद पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया था। बाद में जांच सीबीसीआईडी को सौंपी गई थी, लेकिन सीबीसीआईडी की जांच से परिजन संतुष्ट नहीं थे। परिजनों का आरोप है कि पुलिस और सीबीसीआईडी ने असली आरोपियों को बचाने का काम किया है। घटना के बाद से ही परिजन प्रकरण की सीबीआई जांच की मांग कर रहे थे। सचिन के भाई और कटाल्डी वेलफेयर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष अरुण कुमार लखेड़ा के प्रार्थना पत्र पर टिहरी विधायक धन सिंह नेगी ने सीएम त्रिवेंद्र रावत से हत्या की सीबीआई जांच की मांग की। 18 सितंबर को सीएम ने सचिन लखेड़ा हत्या की जांच सीबीआई को सौंपने की संस्तुति कर मुख्य सचिव को औपचारिकताएं पूरी करने के निर्देश दिए हैं। विधायक नेगी ने बताया कि सीएम की संस्तुति पर जल्द ही सीबीआई जांच शुरू होगी।