घनसाली (टिहरी)। भिलंगना क्षेत्र पंचायत की बैठक में बिजली, सड़क, पेयजल आदि विभागों से जुड़ी समस्याएं छाई रही। जल संस्थान के एक अवर अभियंता का मामला बैठक में छाया रहा। सदस्यों का आरोप था कि पेयजल लाइनों की शिकायत उठाने पर अवर अभियंता ने उनके लिए अभद्र शब्दों का प्रयोग किया है।
ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की शिकायतों पर अधिकारी जल्द सकारात्मक कार्रवाई करें। प्रधान गीताराम नौटियाल, रघुवीर रावत, दिलाराम नौटियाल और रामकुमार कठैत ने द्वारी, सरकंडा, चामी और बडियार में आपदा से क्षतिग्रस्त लाइनों की मरम्मत कर शुद्ध जलापूर्ति कराने की मांग की। प्रधान चंद्रमोहन और राजेंद्र डोरियाल ने गांव में स्टैंड पोस्ट लगाने की मांग की। प्रधान सलौनी गुसाईं ने चौंरा गांव में ट्रांसफार्मर बदलने और सुमन नैथानी, दिलाराम नौटियाल, सुरेंद्र रावत ने झूलते विद्युत तार ठीक करने की मांग की। क्षेत्र पंचायत सदस्य मदन सिंह राणा, कुंवर सिंह भंडारी ने घनसाली घुत्तू मार्ग की मरम्मत करने, लैनी-बुढ़वा मार्ग से प्रभावित काश्तकारों का मुआवजा देने की मांग की। ज्येष्ठ प्रमुख पूरब सिंह पंवार ने कहा कि सीएम की घोषणा के बाद भी गोनगढ़ पट्टी के धापड़ में पीएचसी नहीं खुली है। बैठक में कनिष्ठ प्रमुख निर्मला बिष्ट, एसडीएम एफआर चौहान, पीडी बीआर भट्ट, तहसीलदार एमएल आर्य, बीडीओ डीएन सकलानी, डा. श्याम विजय, दिनेश पैन्यूली, सुनील बिष्ट, गंभीर सिंह भंडारी, संतोष रावत और शिव लाल आदि मौजूद थे।