नरेंद्रनगर (टिहरी)। राजकीय पॉलीटेक्निक संस्थान में सामुदायिक विकास योजना के तहत एग्जीक्यूटिव कमेटी की बैठक में आठ नए प्रशिक्षण केंद्र खोलने का निर्णय लिया गया, जिनमें छात्रों की सुविधा के अनुरूप विभिन्न कोर्स संचालित किए जाएंगे।
कालेज में आयोजित बैठक की अध्यक्षता संस्थान के प्रधानाचार्य आलोक मिश्रा ने किया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017- 18 में 15 प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से 583 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षित किया गया, जिसमें से 219 को विभिन्न माध्यमों से रोजगार उपलब्ध कराया गया। प्रधानाचार्य ने बताया कि इस वर्ष आठ नए प्रशिक्षण केंद्रों में 600 अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। समन्वयक शेखर प्रकाश पटवा ने बताया कि वर्तमान में नरेंद्रनगर में कटिंग, टेलरिंग और डीटीपी के दो प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे। हिंडोलाखाल में डाटा एंट्री ऑपरेटर, खाड़ी में ब्यूटीशियन, चंबा में एकाउंट्स टैली चलाए जा रहे हैं। स्वयंसेवी संस्था गूंज की नीतू रावत, अनु यादव और विकास यादव ने भी सुझाव दिए। बैठक में एके सिंह, पीयूष काला, तरुण अरोड़ा, मनोज और अमित आदि मौजूद थे।