कंडीसौड़ (टिहरी)। टीएचडीसी के बस संचालकों ने टिहरी बांध प्रभावित थौलधार ब्लॉक के पिराडी गांव के छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचाने से हाथ खड़े कर दिए हैं। बस के अभाव में छात्र-छात्राएं समय पर स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। टीएचडीसी प्रशासन की मनमानी पर अभिभावकों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
टिहरी बांध प्रभावित थौलधार ब्लॉक के छात्र-छात्राओं को स्कूल पहुंचाने के लिए टीएचडीसी वर्ष 2007 से बस सेवा संचालित करती है। उनियालगांव से लेकर बस शिशु मंदिर, विद्या मंदिर, इंटर कॉलेज, जूनियर हाईस्कूल के छात्र-छात्राओं को प्रतिदिन स्कूल पहुंचाती है, लेकिन पिछले एक सप्ताह से बस संचालकों ने पिराडी गांव के 21 छात्र-छात्राओं को बस में बैठाने से हाथ खड़े कर दिए हैं। इससे छात्र-छात्राओं को गांव से तीन किमी पैदल ही स्कूल की दूरी तय करनी पड़ रही है। अभिभावक बैशाख सिंह राणा, उम्मेद सिंह राणा, प्रेम सिंह, चतर सिंह और चैत सिंह ने टीएचडीसी प्रशासन से पिराडी गांव के बच्चों के लिए जल्द ही दूसरी स्कूल बस सेवा शुरू करने की मांग की है। इस बाबत टीएचडीसी के जेई प्रदीप गुसाईं ने बताया कि उनियालगांव से कंडीसौड़ को संचालित होने वाली स्कूल बस में छात्र संख्या अधिक होने से यह दिक्कतें आ रही है। ओवरलोडिंग को देखते हुए पिराडी गांव के बच्चों को बस में नहीं बैठा पा रहे हैं। अभिभावकों को चाहिए कि वे पुनर्वास निदेशक को समस्या से अवगत कराए।