नई टिहरी। टिहरी बांध के द्वितीय चरण की पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) के निर्माण में लगी हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी) की ओर से हटाए गए कर्मी विक्रम नेगी और अरविंद डोभाल को 28 अगस्त रात 11 बजे जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती करवाया गया। दोनों 22 अगस्त से सेवा बहाली की मांग को लेकर अनशन पर बैठे थे।
खांडखाला में एचसीसी स्टाफ एंड वर्कस यूनियन के नेतृत्व हटाए गए 215 कर्मियों का धरना-प्रदर्शन 61वें दिन भी जारी रहा। वहीं सात दिन से अनशन पर बैठे विक्रम नेगी और अरविंद डोभाल के पेट में दर्द समेत अन्य दिक्कतें होने पर मंगलवार करीब 11 बजे साथी आंदोलनकारियों ने उन्हें जिला अस्पताल बौराड़ी में भर्ती करवाया। कर्मियों ने कहा कि सेवा बहाली न होने पर धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। इस मौके पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, जसपाल पंवार, नरेंद्र परमार, मनोज पंवार, उत्तम नकोटी, विनोद पंवार, राजपाल पंवार, विजयपाल नेगी, दिनेश रावत, कृष्णा सेमवाल, कुशाल पंवार, तपन महती, सुनील राणा, अरविंद रतूड़ी, राजेंद्र नेगी, कुशाल सिंह, कुंवर रावत, दिनेश तोपवाल आदि मौजूद थे।