नई टिहरी। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में संस्कृत विभाग की ओर से संस्कृत सप्ताह के समापन पर आयोजित गोष्ठी में संस्कृत भाषा और साहित्य के महत्व की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि संस्कृत सबसे सरल भाषा है, लेकिन वर्तमान में लोग संस्कृत से दूर होते जा रहे हैं।
पीजी कालेज में संस्कृत सप्ताह के समापन पर आयोजित गोष्ठी का श्रीबदरीनाथ संस्कृत महाविद्यालय के प्राचार्य डा. दिनेश बडोनी ने शुभारंभ करते हुए संस्कृत भाषा की वैज्ञानिकता से जुड़े विभिन्न पहलुओं से अवगत कराया। मुख्य वक्ता हिंदी विभागाध्यक्ष डा. संजीव सिंह नेगी ने कहा कि विश्व की समस्त भाषाओं की उत्पत्ति संस्कृत से ही हुई है। संयोजिका संस्कृत विभागाध्यक्ष डा. भारती ने संस्कृत भाषा को कंप्यूटर अनुप्रयोग के लिए सर्वाधिक उपयुक्त भाषा बताया। संस्कृत प्रहेलिका प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की छात्रा शिवानी, पंचम सेमेस्टर के छात्र सोनू प्रकाश जोशी प्रथम रहे। छात्रा शिवानी, सिमरन और ऋतु ने संस्कृत भाषा में गीत प्रस्तुत किया। प्रभारी प्राचार्य डा. एके सिंह ने छात्र-छात्राओं को पुरष्कार भेंट किया। इस मौके पर डा. पीके सिंह, डा. गिरजा शंकर, डा. डीपीएस भंडारी, डा.पंकज पांडेय, डा. राजेश कुमार सिंह, डा. सुशील कगडियाल, निरंजना शर्मा, डा. प्रीति रानी, डा. मुक्ता डंगवाल, डा. प्रीति शर्मा, डा. पुष्पा पंवार, डा. इंदुशेखर ममगाईं, डा. आशा डोभाल, डा. कविता काला, डा. मीरा कुमारी आदि मौजूद थे।