नई टिहरी। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण ऋषिकेश-चंबा-गंगोत्री हाईवे नरेंद्रनगर बाईपास के समीप दूसरे दिन भी बंद रहा। प्रशासन की ओर से छोटे वाहनों को वैकल्पिक व्यवस्था पर पुलिस ट्रेनिंग कालेज रोड से ऋषिकेश भेजे जा रहे हैं। साथ ही बारिश से जिले के छह मोटर मार्गों पर भी मलबा आने के चलते आवाजाही बंद हो गई।
ऋषिकेश-चंबा-गंगोत्री हाईवे नरेंद्रनगर बाईपास के समीप सुबह सात बजे से बंद है। शनिवार को भी पूरे दिन हाईवे बंद रहा, लेकिन देर शाम आवाजाही शुरू हो गई थी। बावजूद रविवार सुबह फिर से मलबा आने से मार्ग बंद हो गया। प्रशासन की ओर से छोटे वाहनों की आवाजाही पुलिस ट्रेनिंग कालेज रोड से ऋषिकेश तक शुरू करवाई जा रही है, जबकि जिले के खतवाड़ बैंड मोटर मार्ग, रिंगोली-मल्ली, हिंडोलाखाल-पलेठी, मरोड़ा मोटर मार्ग, सिल्काखाल-सरकियाणा, सेंदुल-पटूड़ गांव मार्ग पर जगह-जगह मलबा आने के चलते बंद हो गए। लोनिवि ने सड़कों को खुलवाने के लिए जेसीबी लगाई है, लेकिन लगातार हो रही बारिश से मार्ग खुलवाने में सफलता नहीं मिल रही है।