नई टिहरी। रोजगार और मुआवजे की मांग को लेकर श्रीनगर जल विद्युत परियोजना से गिरफ्तार किए गए आंदोलनकारियों में से जेल में बंद दौलत कुंवर का अनशन जारी है। अनशनकारी दिनेश लाल और मुन्ना ने जेल में अनशन तोड़ दिया है, जबकि जेल में बंद 42 महिलाओं में से 16 ने कीर्तिनगर एसडीएम के यहां बेल बांड भरे हैं। इन्हें जेल से रिहा कर दिया है।
कीर्तिनगर पुलिस ने 19 अगस्त को लंबे समय से श्रीनगर जल विद्युत परियोजना के परिसर में अनशन और धरने पर बैठे परियोजना प्रभावित 18 पुरुष और 42 महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल दिया था, जिसमें से उत्तराखंड संवैधानिक अधिकार मंच के मुख्य संयोजक दौलत कुंवर समेत तीन आंदोलनकारी जेल में भी अनशन पर थे। सोमवार को जेल अधीक्षक रामेश्वर सिंह राणा ने अनशनकारी दिनेश लाल, मुन्ना लाल को जूस पिलाकर अनशन समाप्त करवाया, लेकिन दौलत कुंवर का अनशन जारी है। जेल में बंद 16 महिलाओं के परिजनों ने एसडीएम कीर्तिनगर के यहां जमानत प्रार्थना पत्र दिए हैं। एसडीएम ने जमानत प्रार्थनापत्र स्वीकार कर जेल अधीक्षक को रिहाई के लिए भेजा है। जेल अधीक्षक राणा ने बताया कि दो अनशनकारियों ने अनशन तोड़ दिया है, लेकिन दौलत कुंवर का अनशन जारी है। बताया कि 16 महिलाओं के बेल बांड पहुंच चुके हैं, जिन्हें रिहा कर दिया है।