नई टिहरी। उत्तरकाशी में एक नाबालिग के साथ चार बिहारी मजदूरों द्वारा गैंगरेप कर उसकी हत्या किए जाने पर जिले के कांग्रेसियों ने इसे जघन्य अपराध करार देते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें फांसी दिए जाने की मांग की है। वक्ताओं ने कहा जिस तरह से बाहर से आए लोग देवभूमि का आचरण गंदा कर रहे हैं वह निंदनीय है। उन्होंने बाहरी लोगों को बिना सत्यापन के कमरे किराए पर न दिए जाने की मांग की है।
रविवार को नई टिहरी के हनुमान चौराहे पर दुराचार और हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर काली पट्टी बांधकर कांग्रेसियों ने धरना दिया। जिलाध्यक्ष सूरज राणा ने कहा कि पहाड़ी की शांत वादियों को जिस तरह से बाहर से आए लोग खराब कर रहे हैं, वह गलत है। उन्होंने सभी लोगों से अपील की कि बिना आईडी और सत्यापन के बाहरी लोगों को कमरे और दुकान किराए पर दें। उन्होंने शासन-प्रशासन से आरोपियों की गिरफ्तारी कर उन्हें सख्त सजा दिए जाने की मांग की है। धरना देने वालों में कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज राणा, आकाश कृषाली, देवेंद्र नौडियाल, मुशर्रफ अली, साब सिंह सजवाण, राजेश्वर बड़ोनी, मुर्तजा बेग, शैलेंद्र कांत, दर्शनी रावत, सीमा कृषाली, शकुंतला नेगी, ममता उनियाल आदि शामिल थे।