नई टिहरी। टिहरी बांध के द्वितीय चरण की पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) के निर्माण में लगी हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी (एचसीसी) की ओर से हटाए गए कर्मियों ने कंपनी प्रबंधन, शासन-प्रशासन की सद्बुद्धि के लिए बुद्धि-शुद्धि हवन किया, जबकि दिनेश रावत और अरविंद रतूड़ी का अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा।
खांडखाला में एचसीसी स्टाफ एंड वर्कस यूनियन के नेतृत्व हटाए गए कर्मियों का धरना 49वें दिन भी जारी रहा। उन्होंने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी कर हवन यज्ञ किया। उन्होंने कहा कि सेवा बहाली की मांग को लेकर कर्मी लगातार अनशन कर रहे हैं। कहा कि मांगों को लेकर अब तक अनशन पर बैठे चार कर्मियों के स्वास्थ्य खराब होने के कारण उनका एम्स ऋषिकेश में उपचार चल रहा है। कहा कि कर्मियों ने अपना घर-परिवार छोड़कर रोजगार के लिए धरना शुरू किया है। बावजूद कंपनी प्रबंधन समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहे हैं। इस मौके पर पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, यूनियन के अध्यक्ष जसपाल पंवार, महासचिव नरेंद्र परमार, गंभीर सिंह नेगी, कुंवर रावत, राजपाल पंवार, सुनील भंडारी, नंदन रावत, विनोद पंवार, राजेंद्र नेगी आदि मौजूद थे।