नई टिहरी। सर्वोदय नेता एवं ठक्कर बापा छात्रावास के प्रबंधक रहे स्व. भवानी भाई के नाम पर प्रतापनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का नामकरण हो गया है। अस्पताल में उनके नाम का शिलापट्ट भी लगा दिया गया है।
प्रतापनगर के देवल निवासी स्व. भवानी भाई ने अविवाहित रहकर पुरानी टिहरी से लेकर बौराड़ी में बने ठक्कर बापा छात्रावास में प्रबंधक रहते हुए कई सामाजिक कार्य किए। उन्होंने दलितों को मंदिर प्रवेश, शराब विरोधी मुहिम, बाल विवाह, बलि प्रथा, चिपकों आंदोलन से लेकर कई महत्वपूर्ण कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाई थी। अक्तूबर 2006 में भवानी भाई का निधन हो गया था। पूर्ववर्ती सरकार ने दिसंबर 2016 में भवानी भाई के नाम पर अस्पताल रखने का आदेश जारी किया था, लेकिन किन्हीं कारणों से अस्पताल का नाम उनके नाम पर नहीं हो पाया। तब भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश मंत्री सुरेश आर्य, उनके परिजन एडी आर्य, दशमनाथ, चंद्र मोहन जोगेला, राजेश कुमार, आरती आर्य समेत अन्य परिजनों न सीएम, डीएम, सीएमओ को ज्ञापन देकर पौने दो साल बाद भी अस्पताल उनके नाम पर संचालित न होने पर रोष जताया था। स्वास्थ्य विभाग ने इसका संज्ञान लेते अस्पताल में शिलापट्ट, मुख्य गेट पर नाम समेत दस्तावेजों में उनके नाम का उल्लेख कर दिया है। चिकित्साधिकारी धर्मावती भारती, डा. अश्वनी गोस्वामी, सुरेश आर्य, पवन कुमार, सुभाष भट्ट आदि लोगों ने शिलापट्ट का शुभारंभ किया।