नई टिहरी। स्वतंत्रता दिवस जिलेभर में धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर शिक्षण संस्थाओं के छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरी निकाली। विभिन्न सरकारी और अर्धसरकारी कार्यालयों, स्कूलों और संस्थानों में झंडारोहण किया गया।
पीआईसी बौराड़ी में डीएम सोनिका और विधायक धन सिंह नेगी ने सामूहिक झंडारोहण कर परेड की सलामी ली। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, प्रगतिशील किसानों और वर्षभर बेहतर कार्य करने वाले कार्मियों को सम्मानित किया। वहीं 19 जुलाई को ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे के सूल्याधार में रोडवेज की बस दुर्घटना में घायलों का रेस्क्यू करने वाले स्थानीय ग्राम प्रधानों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानी औतार सिंह तोपवाल के पुत्र बिन्नु तोपवाल को शॉल भेंटकर सम्मानित किया। इस मौके पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजय नेगी, ब्लॉक प्रमुख बेबी असवाल, एसएसपी डा. योगेंद्र रावत, सीडीओ आशीष भटगांई, कांग्रेस नेता शांति भट्ट, विनोद रतूड़ी आदि मौजूद रहे। कार्यक्रम में शिक्षण संस्थाओं के छात्रों ने शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। जिला पंचायत कार्यालय में अध्यक्ष सोना सजवाण, नगर पालिका में ईओ राजेंद्र सजवाण, कांग्रेस कार्यालय में जिलाध्यक्ष सूरज राणा, टीएचडीसी इंडिया बीपुरम में अधिशासी निदेशक एसआर मिश्रा, कोटेश्वर बांध परियोजना में महाप्रबंधक पीके अग्रवाल ने सीआईएसएफ की परेड की सलामी लेकर ध्वजारोहण किया। एसआईएचएम, टीएचडीसी आईएचईटी, श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विवि समेत चंबा, नरेंद्रनगर, प्रतापनगर, कंडीसौड़, घनसाली, चमियाला, लंबगांव, नैनबाग, थत्यूड़, जाखणीधार आदि स्थानों पर स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया।