नई टिहरी। ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे पर यात्रियों की मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रही है। मंगलवार को ताछला और बगड़धार में हाईवे चार घंटे तक यातायात के लिए बाधित रहा। इस दौरान वहां फंसे लोग भूख- प्यास से जूझते रहे। सड़क खुलने के बाद लोग एक घंटे तक जाम में फंसे रहे। शासन-प्रशासन की इस लचर कार्य प्रणाली पर लोगों ने कड़ा आक्रोश व्यक्त किया है।
ऑल वेदर परियोजना के तहत ऋषिकेश-गंगोत्री हाईवे चौड़ीकरण के लिए चंबा से लेकर भद्रकाली तक सड़क किनारे जगह-जगह खुदाई की गई है। बारिश के इस सीजन में ऑल वेदर परियोजना का यही कार्य अब मुसीबत का सबब बना हुआ है। हर दिन हाईवे अलग-अलग स्थानों पर घंटों यातायात के लिए बाधित हो रहा है। मंगलवार पूर्वाह्न 11 बजे बगड़धार में पहाड़ी से मलबा गिरने से हाईवे बाधित हो गया था। दोपहर 12 ताछला में भी चट्टान से सड़क पर मलबा और पत्थर गिरने से अपराह्न 2.30 बजे तक वाहनों का आवागमन नहीं हो पाया।