नैनबाग (टिहरी)। बीए में गृह विज्ञान, शिक्षा शास्त्र, संस्कृत विषय, एमए की कक्षाएं शुरू करने और फर्नीचर की मांग को लेकर राजकीय महाविद्यालय के छात्रों ने क्रमिक अनशन शुरू कर दिया है। छात्रों ने उच्च शिक्षा मंत्री को ज्ञापन भेजकर जल्द समस्या का समाधान न होने पर भूखहड़ताल पर बैठने की चेतावनी दी।
सोमवार को छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय में क्रमिक अनशन शुरू कर शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बीए में गृह विज्ञान, शिक्षा शास्त्र, संस्कृत विषय और एमए की कक्षाएं शुरू करने और फर्नीचर की मांग की जा रही है। लेकिन शासन-प्रशासन की उपेक्षा के चलते समस्याओं का निराकरण नहीं हो रहा है। पहले दिन छात्रसंघ अध्यक्ष महेश सिंह तोमर, विवि प्रतिनिधि राकेश सिंह, विपिन रावत, सुमित गौड़ कर्मिक अनशन पर रहे। जयवीर वर्मा, संजय रावत, रितेश तोमर, अजित रावत, अंकित नौटियाल, विपिन कंडारी, नितिन सिंह, महेश, कुसुम चौहान, हिमानी चौहान, कल्पना चौहान आदि ने समर्थन में धरना दिया।