घनसाली (टिहरी)। एक सप्ताह पूर्व घनसाली बाजार की दुकानों में तोड़फोड़ करने वाले शरारती तत्वों को पुलिस चिह्नित नहीं कर पाई, जबकि पुलिस के पास वीडियो और सीसीटीवी के फुटेज उपलब्ध हैं। पुलिस की लचर कार्यप्रणाली से व्यापारियों में आक्रोश है। सोमवार अपराह्न कुछ उपद्रवी हनुमान मंदिर के समीप दुकानों को बंद कराने के फिराक में गए थे, लेकिन सूचना मिलते ही एसडीएम पीआर चौहान और थानाध्यक्ष केके टम्टा मौके पहुंचे गए, तब तक शरारती तत्व फरार हो गए।
30 जुलाई को होटल के कमरे में नाबालिग के साथ दूसरे समुदाय के युवक के पकड़े जाने पर बाजार में बवाल हो गया था। आक्रोशित लोगों ने एक दर्जन दुकानों में तोड़फोड़ कर सामान सड़क पर फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी पुलिस अज्ञात लोगों को चिह्नित नहीं कर पाई। जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष रजनीकांत सुरीरा का कहना कुछ उपद्रवी अब भी बाजार का माहौल खराब करने में लगे हैं। वे जनता को भ्रमित करने का काम कर रहे हैं। पुलिस प्रशासन को दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। इस बाबत थानाध्यक्ष केके टम्टा का कहना है कि दुकानों में हुई तोड़फोड़ की जांच तेजी से की जा रही है। सेामवार को कुछ लोग हनुमान मंदिर पुल पर समुदाय विशेष की दुकान बंद करवाने की फिराक में गए थे। सूचना मिलने पर मौके का निरीक्षण किया गया, लेकिन तब तक वहां कोई नहीं मिला।