नई टिहरी। सोमवार को आयोजित जनता दरबार में 18 शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें से अधिकतर शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
जनता दरबार में सुनार गांव की जरीना बेगम ने प्रधानमंत्री आवासीय सुविधा देने की मांग की है। जड़धार गांव के भगवान सिंह ने बताया कि गांव में 14 लाख रुपये से पुरानी लाइन को ही नया दिखाकर फर्जीवाड़ा किया गया है। सौड़ गांव की पप्पी देवी ने आवासीय भवन की सुरक्षा दीवार लगाने की मांग की। सौड़ के हरीशचंद रमोला ने बताया कि गांव की पेयजल लाइन कई दिनों से बंद पड़ी है। बुडोगी के मुरारी सिंह चौहान ने एनएच निर्माण में अधिग्रहित भूमि का मुआवजा, दिखोलगांव की जलमा देवी ने आर्थिक सहायता की मांग की। इस मौके पर डीएफओ डा. कोको रोसे, सीएमओ भगीरथी जंगपागी, पीडी भरतचंद्र भट्ट, डीडीओ आनंद भाकुनी, डीपीओ विक्रम सिंह, जल संस्थान ईई सतीश नौटियाल आदि मौजूद थे।
जनता दरबार में 52 शिकायतें दर्ज, 29 निस्तारित
रुद्रप्रयाग। अपर जिलाधिकारी गिरीश गुणवंत ने जनता दरबार में फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान 52 शिकायतें दर्ज हुई, जिसमें 29 का निस्तारण किया गया।
पुराने विकास भवन में आयोजित जनता दरबार में नगर क्षेत्र के भाणाधर निवासी हरी कप्रवाण ने बताया कि उनके आवासीय मकान के पीछे चट्टान से पत्थर छिटक रहे हैं, जिससे जानमाल का नुकसान बना हुआ है। लोली गांव के बीरेंद्र सिंह ने अपनी पुत्री का विकलांग प्रमाण पत्र नहीं बनने की शिकायत की, जिस पर एडीएम ने सीएमओ डा. एसके झा को त्वरित कार्रवाई करने को कहा। नैणी-पौंडार के मनोज सिंह ने बरसात से आवासीय भवन व भूमि को नुकसान पहुंचने की बात कही। इसके अलावा जनता दरबार में सड़क, पानी, बिजली, स्वास्थ्य, संचार, पानी से जुड़े मुद्दे छाए रहे। एडीएम ने दर्ज शिकायतों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को एक सप्ताह में कार्रवाई कर अगले जनता दरबार में स्थिति से अवगत कराने के निर्देश दिए। इस मौके सीडीओ एनएस रावत, एसडीएम सदर देवानंद, तहसीलदार शालिनी मौर्य, तहसीलदार जयबीर राम बधाणी सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
जन शिकायत शिविर में नहीं पहुंचे अधिकारी
डीएम ने ईई, एसडीओ और ईओ के वेतन पर लगाई रोक
बिना अनुमति जिला मुख्यालय से बाहर रहने पर एसई को नोटिस
अमर उजाला ब्यूरो
गोपेश्वर।
यहां जिला सभागार में आयोजित जन शिकायत निवारण शिविर में जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। शिविर में जिलाधिकारी ने पीएमजीएसवाई (आरडब्ल्यूडी) कर्णप्रयाग के अधिशासी अभियंता, नगर पालिका गोपेश्वर के अधिशासी अधिकारी, बीएसएनएल के एसडीओ और पेयजल निर्माण निगम के अधिशासी अभियंता के अनुपस्थित रहने पर उनका एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए हैं। लोनिवि के अधीक्षण अभियंता को बिना अनुमति के जिला मुख्यालय से बाहर रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने आदेश दिए गए। समस्त जिला स्तरीय अधिकारियों से कहा गया है कि वे बिना अनुमति के मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे।
शिविर में फरियादियों ने रेल परियोजना व आल वेदर परियोजना के मुआवजे, शिक्षा, विद्युत, प्राकृतिक आपदा, क्षतिग्रस्त सीवर लाइन व पैदल रास्तों से जुड़ी 35 समस्याएं दर्ज कराई। अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। गौचर भटनगर के लोगों ने रेल परियोजना से प्रभावित समस्त काश्तकारों का मुआवजा भुगतान भूमि के कब्जे के आधार पर किए जाने की मांग उठाई है। बंड विकास संगठन के पूर्व अध्यक्ष अतुल शाह ने कहा कि चमोली-पीपलकोटी के बीच ऑल वेदर रोड से प्रभावित भू-स्वामियों को गोल खाते (खतौनी) के आधार पर मुआवजा वितरण किया जा रहा है। भूमि के अभिलेखों में कई काश्तकारों के नाम सम्मिलित होने से वास्तविक प्रभावित काश्तकार को उचित मुआवजा नहीं मिल रहा है।
जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, ऊषा रावत, भागीरथी कुंजवाल, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष हरक सिंह व क्षेत्रवासियों ने मोटर मार्गों के क्षतिग्रस्त होने से होने वाली समस्या से अवगत कराया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में निरीक्षण की मांग भी उठाई। ज्येष्ठ प्रमुख अयोध्या हटवाल, अतुल शाह और गजेंद्र सिंह राणा ने पीपलकोटी के सेमलडाला तोक में पिटकुल की भूमि को केंद्रीय विद्यालय को दिये जाने की मांग की। कुलिंग गांव की नंदी देवी ने दैवी आपदा से आवासीय भवन को नुकसान होने की बात कही।
शिविर में 23 शिकायतें दर्ज, अधिकांश मौके पर ही हल
उत्तरकाशी। शिकायत निवारण शिविर में जनसमस्याएं सुनकर डीएम डा. आशीष चौहान ने संबंधित अधिकारियों को इनका त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए। शिविर में 23 शिकायतें दर्ज हुईं और अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर में कैंसर रोग पीड़ित दुर्गा प्रसाद ने उपचार की गुहार लगाई। इस पर डीएम ने सीएमओ को उसका निशुल्क उपचार कराने के निर्देश दिए। विधवा ममता को पीआरडी के माध्यम से कामकाजी महिला छात्रावास में नियुक्त के आदेश दिए। कमल लाल द्वारा अगोड़ घट्टूगाड में ट्राली खराब होने की शिकायत पर डीएम ने आपदा मद से दो दिन के भीतर ट्राली दुरुस्त कराने को कहा। मठ गांव के रविंद्र रावत द्वारा मठ-लमकोटी मोटर मार्ग बदहाल होने की शिकायत पर डीएम ने विभाग को शीघ्र सड़क दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। इस मौके पर सीडीओ प्रशांत आर्य, परियोजना निदेशक आरएस रावत, वीणा त्रिपाठी, गोपाल मटूड़ा, प्रेमलाल नौटियाल, एसएस रावत, हेमलता पांडे, डा. सुजाता सिंह आदि मौजूद रहे।