चंबा (टिहरी)। खाड़ी क्षेत्र के काकड़ी सेरा गांव में एक युवक करंट से झुलस गया। बौराड़ी जिला चिकित्सालय में रेफर किए गए युवक ने वहां इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। ग्रामीणों ने विभाग से मृतक के परिजनों को सहायता राशि देने की मांग की है।
नरेंद्रनगर ब्लॉक के काकड़ी सेरा गांव के शिवानंद तिवाड़ी का पुत्र सुरेश तिवाड़ी (32) घर के नजदीक भीमल के पेड़ पर चारा-पत्ती काट रहा था। इस दौरान एक काटी हुई टहनी पेड़ के पास से गुजर रही एचटी लाइन से टच हो गई। टहनी को निकालते समय सुरेश बुरी तरह से झुलस गया। घटना का पता चलते ही ग्रामीणों ने मौके पर पहुंच कर घायल को खाड़ी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसकी हालत नाजुक देखते हुए चिकित्सक ने उसे बौराड़ी जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल में इलाज के दौरान सुरेश ने दम तोड़ दिया। जिला पंचायत सदस्य अनिल भंडारी ने बताया कि सुरेश खेतीबाड़ी कर अपनी गुजर-बसर करता था, उसके निधन से एक बच्चे और पत्नी के सामने भरण-पोषण की समस्या खड़ी हो गई है। उन्होंने मृतक के आश्रित को उचित मुआवजा देने की मांग की है। ऊर्जा निगम के एसडीओ स्वर्ण सिंह रावत ने कहा कि युवक पर काटी हुई भीमल की टहनी को छुड़ाते समय करंट लगा। मृतक के परिवार को विभागीय नियमानुसार मुआवजा दिया जाएगा।