घनसाली (टिहरी)। गंगोत्री-केदारनाथ मोटर मार्ग पर जर्जर हनुमान मंदिर मोटर पुल का लोनिवि ने रविवार से मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है, जिससे पुल पर दो माह के लिए वाहनों और राहगीरों का पैदल आवागमन बंद कर दिया है। पुल पर आवागमन बंद होने से कई गांवों के लोगों को खाद्यान्न, रसोई गैस तथा अन्य सामग्री सौ किमी की अतिरिक्त दूरी तय कर बाया उत्तरकाशी से मंगवाना पड़ेगा।
घनसाली में भिलंगना नदी पर बना हनुमान मंदिर मोटर पुल भिलंगना ब्लॉक की लाइफ लाइन है। 40 लाख की लागत से रविवार से लोनिवि ने पुल का मरम्मत कार्य शुरू कर दिया है। पुल को राहगीरों और वाहनों के संचालन के लिए आगामी दो माह तक पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। यातायात बंद होने के कारण चारधाम यात्रियों, भिलंग, केमर बासर, आरगढ, गोनगढ, बूढाकेदार ढुंगमंदार पट्टी और छात्र-छात्राओं को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ेगा। रविवार को भी कई लोग सामान सहित पुल के आरपार भटकते रहे। बाद में सेमली पैदल पुल से मजदूरों के पास सामान लाद कर पुल के दूसरे छोर पर जाकर लोग जीप-टैक्सियों से अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, डा. नरेंद्र डंगवाल, लक्ष्मी जोशी, भरत सिंह, समन सिंह, बीर सिंह, आनंद व्यास का कहना है कि लोनिवि को पहले पूर्व में स्वीकृत घुमेटीधार-अंदिरिया और अर्दगीं-झनेत सेमली पुलों का निर्माण करना चाहिए था। उसके बाद ही हनुमान मंदिर पुल का मरम्मत कार्य करवाना चाहिए था।
कोट
हनुमान मंदिर पुल का मरम्मत कार्य ठेकेदार को दो माह के अंतर्गत पूरा करने को कहा गया है। इस अवधि में बालगंगा, भिलंग और ढुंगमंदार क्षेत्र के लोगों को उत्तरकाशी से भारी वाहनों से सामान तथा आवागमन करना पड़ेगा।
-नवीन लाल वर्मा, ईई लोनिवि घनसाली
बालगंगा, भिलंग और सुनहरी गाड़ क्षेत्र के खाद्यान गोदामों में सितंबर तक की राशन एडवांस में भेजी गई है। छोटे वाहनों का आवागमन पीपलडाली और घोंटी पुल से होगा। बड़े वाहन को चंबा वाया उत्तरकाशी से आवागमन करना पड़ेगा।
-पीआर चौहान, एसडीएम घनसाली।