नई टिहरी। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की कार्यक्रम परामर्शी समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष 2018-19 के लिए संस्थान की विभिन्न गतिविधियों के लिए सात करोड़ 77 लाख 41 हजार रुपये का बजट अनुमोदित किया गया। बैठक में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार, प्रयोग एवं शोध को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया। इस मौके पर डायट परिसर में पौधरोपण भी किया गया।
डायट में मुख्य विकास अधिकारी अशीष भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित परामर्शी समिति की बैठक में वर्ष 2018-19 की वार्षिक कार्य योजना को लेकर विचार-विमर्श किया गया। प्राचार्य चेतन प्रसाद नौटियाल ने बताया कि डायट का उद्देश्य विद्यालयी शिक्षा में गुणवत्ता के लिए अकादमिक सहयोग प्रदान करना, बच्चों के सर्वांगीण विकास को विद्यालयों में बाल केंद्रित एवं रुचिपूर्ण शिक्षा का वातावरण, क्षमताओं एवं मूल्यों का संवर्द्धन करना है। सीडीओ ने कहा कि अध्यापक छात्र का भविष्य निर्माता होता है, इसलिए सकारात्मक सोच को लेकर छात्रों को मानसिक व शारीरिक रूप से विकसित करने का कार्य करें। इस मौके पर जिला शिक्षा अधिकारी बेसिक सुदर्शन बिष्ट, एससीईआरटी के उप निदेशक एसपी सिंह, समन्वयक सुरीला बधाणी, जिला समन्वयक प्रमोद पैन्यूली, ब्लॉक उप शिक्षाधिकारी कीर्तिनगर डा. सुरेंद्र सिंह नेगी, वरिष्ठ प्रवक्ता अशोक कुमार, सुषमा महर, निर्मला सिंह, डा. सुमन नेगी, सुधीर नौटियाल, मीनाक्षी त्यागी, डीएस भंडारी, डा. वीर सिंह रावत, डा. मनवीर नेगी, कैलाश डंगवाल, नरेश कुमाईं, जितेंद्र राणा आदि मौजूद थे।