नई टिहरी। टिहरी जिले में वाहन दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। इस साल जनवरी से जुलाई माह तक जिले में अलग-अलग क्षेत्रों में हुई 62 वाहन दुर्घटनाओं में अब तक 51 लोग अकाल मौत के शिकार हो चुके है। 105 लोग घायल हुए हैं। 62 वाहन दुर्घटनाओं में से तीन वाहन दुर्घटनाओं का कारण पुलिस जांच में वाहन की तेज रफ्तार और दो दुर्घटनाओं नशे में वाहन चलाना सामने आया है। बृहस्पतिवार को सूल्याधार में हुई बस दुर्घटना का कारण प्रथम दृष्ट्या सड़क खराब होना बताया जा रहा है।
एसएसपी डा. योगेंद्र सिंह रावत का कहना है कि वाहन दुर्घटनाएं रोकने के लिए जिले में हर दिन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। नियमों का उल्लंघन करने पर पिछले दो माह में पांच सौ से अधिक वाहनों का चालान किया जा चुका है। आठ वाहन सीज किए जा चुके है। वाहन में सफर करते वक्त यात्रियों को वाहनों की तेज रफ्तार पर विशेष ध्यान देना चाहिए। यदि कोई वाहन चालक तेज रफ्तार, मोबाइल पर बात करते हुए या फिर नशे में वाहन चला रहा हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। इसके लिए प्रत्येक वाहनों पर पुलिस और एआरटीओ के मोबाइल नंबर अंकित है। ब्यूरो