चंबा (टिहरी)। गढ़वाल केंद्रीय विवि के एसआरटी परिसर बादशाहीथौल के जो छात्र-छात्राएं बीएससी, बीए और बीकॉम प्रथम वर्ष में प्रवेश लेने के लिए आवेदन फार्म जमा करने से वंचित रह गए, वे अब 16 जुलाई तक फार्म जमा कर सकते हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में हो रही बारिश और सड़क बंद होने से विवि प्रशासन ने यह फैसला लिया है।
गढ़वाल विवि प्रशासन ने स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश लेेने के लिए आवेदन फार्म जमा करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई निर्धारित की थी। पिछले चार-पांच दिन से लगातार हो रही बारिश के कारण सड़कें अवरुद्ध हैं। इस कारण कई छात्र-छात्राएं निर्धारित तिथि तक प्रवेश फार्म जमा करने से वंचित रह गए थे।
विवि प्रशासन ने एसआरटी परिसर बादशाहीथौल में इस सत्र में बीएससी प्रथम वर्ष में 350, बीए 270 और बीकॉम में 180 सीटें निर्धारित की हैं, जबकि 10 जुलाई अंतिम तिथि तक बीएससी में दाखिले के लिए 395, बीए में 219 और बीकॉम के लिए 74 छात्रों के आवेदन फार्म जमा हो चुके थे। परिसर निदेशक प्रो. आरसी रमोला ने बताया कि 16 जुलाई के बाद कोई भी प्रवेश फार्म जमा नहीं किया जाएगा। 17 जुलाई से प्रवेश के लिए शुरू होने वाली काउंसिलिंग के लिए प्रवेश समितियों का गठन कर दिया गया है।