नई टिहरी। टिहरी बांध के द्वितीय चरण की पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) के निर्माण में लगी हिंदुस्तान कंस्ट्रक्शन कंपनी की ओर से से हटाए गए कर्मियों ने सेवा बहाली की मांग को लेकर बेमियादी धरना शुरू कर दिया है। उन्होंने कंपनी प्रबंधन पर युवाओं को बेरोजगार करने का आरोप लगाते हुए जल्द सेवा बहाली नहीं होने पर अनशन की चेतावनी दी।
शनिवार से भागीरथीपुरम के खांडखाला में एचसीसी स्टाफ एंड वर्कस यूनियन के बैनर ताले हटाए गए कर्मियों ने बेमियादी धरना शुरू कर दिया। उन्होंने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए श्रमिकों का शोषण करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कंपनी प्रबंधन ने बिना किसी ठोस कारण एवं नोटिस दिए बगैर ही 215 कर्मियों को नौकरी से हटा दिया है, जिसके चलते कई वर्षों से पीएसपी के निर्माण में सेवाएं दे रहे कर्मी बेरोजगार हो गए हैं। कहा कि 10 दिन से कर्मी कंपनी प्रबंधन से वार्ता करने की गुहार लगा रहे हैं। कंपनी ने 33 कर्मचारी के खिलाफ शांतिभंग के आरोप में न्यायालय में मुकदमा पंजीकृत करवाया है। प्रतापनगर की पूर्व ब्लाक प्रमुख विजयलक्ष्मी थलवाल, कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश राणा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, थौलधार के कनिष्ठ प्रमुख कुलदीप पंवार समेत कई लोगों ने समर्थन देते हुए जिला प्रशासन से हस्तक्षेप कर हटाए गए कर्मियों की सेवा बहाली करने की मांग की। इस मौके पर वर्कस यूनियन के अध्यक्ष जसपाल पंवार, महासचिव नरेंद्र परमार, विजय सिंह, महिपाल रावत, मनोज पंवार, सेन सिंह पवार, अतर सिंह, कोरामनी, अर्जुन पंवार आदि मौजूद थे।