चंबा (टिहरी)। श्रीदेव सुमन विवि के छात्रों को राहत भरी खबर है। विवि मुख्यालय बादशाहीथौल में छात्र-छात्राओं को अब परीक्षा देने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। दो साल के लंबे इंतजार के बाद विवि का परीक्षा हॉल और स्टोर रूम बनकर तैयार हो गया है। 500 छात्र-छात्राएं एक साथ हॉल में बैठक परीक्षा दे सकते हैं।
श्रीदेव सुमन विवि संसाधनों के अभाव में जूझ रहा है। विवि मुख्यालय बादशाहीथौल में परीक्षा हॉल और स्टोर रूम का अभाव बना हुआ था, जिससे विवि को अपनी प्राइवेट परीक्षा कभी इंटर कॉलेज तो कभी गढ़वाल विवि के एसआरटी परिसर में करवानी पड़ती है। स्टोर रूम की सुविधा न होने पर विवि को उत्तर पुस्तिकाएं और अन्य सामग्री अलग-अलग स्थानों पर रखनी पड़ती है। बार-बार उत्पन्न होने वाली इन समस्याओं से निपटने के लिए विवि ने वर्ष 2016 अक्तूबर में परीक्षा हॉल और स्टोर भवन निर्माण करने का निर्णय लिया था।
कुलपति डा. यूएस रावत ने बताया कि दो करोड़ 18 लाख की लागत से बनने वाले परीक्षा हाल और स्टोर भवन निर्माण की जिम्मेदारी विवि ने राजकीय निर्माण निगम को सौंपी थी। अनुबंध के अनुसार कार्यदायी संस्था को मार्च 2017 में भवनों का निर्माण पूरा कर विवि को हैंडओवर करना था, लेकिन तय समय सीमा बीतने के एक साल में भी भवन निर्माण पूरा न होने पर विवि प्रशासन ने बीते पांच मार्च को राजकीय निर्माण निगम को अंतिम नोटिस जारी कर ब्लैक लिस्टेड करने का पत्र जारी किया था।
नोटिस मिलने के बाद हरकत में आए कार्यदायी संस्था ने अब परीक्षा हॉल और स्टोर रूम का निर्माण पूरा कर लिया है। राजकीय निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक दीपचंद्र पंत ने बताया कि सात जुलाई को विवि को नवनिर्मित परीक्षा हॉल हैंडओवर कर दिया जाएगा।