नई टिहरी। ऑयल एंड नेचुरल गैस कारपोरेशन लिमिटेड के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक शशि शंकर ने टिहरी पहुंचकर बांध का भ्रमण किया। उन्होंने टिहरी बांध की तकनीकी, पुनर्वास समेत निर्माणाधीन पीएसपी परियोजनाओं के बारे में जानकारी जुटाई। उन्होंने बांध परियोजना को तकनीकी का बेजोड़ नमूना करार देते हुए कार्यों की सराहना की।
बांध भ्रमण को पहुंचे ओएनजीसी के सीएमडी शशि शंकर का टीएचडीसी इंडिया लि. के अधिशासी निदेशक (टीसी) एसआर मिश्रा ने स्वागत किया। टीएचडीसी अधिकारियों ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से बांध निर्माण एवं पुनर्वास संबंधी गतिविधियों से अवगत कराया। सीएमडी ने बांध के व्यू प्वाइंट से डैम के विभिन्न कार्य स्थलों का जायजा लिया। ईडी एसआर मिश्रा ने बांध निर्माण की जानकारी दी। ओएनजीसी के सीएमडी शंकर ने बोट से झील के आसपास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया। इसके बाद निर्माणाधीन टीएचडीसी की द्वितीय चरण की पंप स्टोरेज प्लांट (पीएसपी) के कार्यों, हाइड्रो पावर प्लांट का जायजा लेते हुए विद्युत उत्पादन, संचालन रख-रखाव की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टिहरी बांध बेहतर तकनीकी से बना हुआ है। कहा कि विश्व स्तरीय यह परियोजना तकनीकी का बेजोड़ नमूना है। उन्होंने टिहरी बांध निर्माण कार्यों की सराहना करते हुए परियोजना निर्माण में लगे कार्मिकों को बधाई दी। इस मौके पर अपर महाप्रबंधक वीर सिंह आदि मौजूद थे।